रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा पर गए दुर्ग के यात्रियों पर कहर, पहाड़ी से गिरे बोल्डर ने ली दो जानें, कई घायल

शुक्रवार देर शाम गौरीकुंड हाईवे पर रुद्रप्रयाग शहर से लगभग 30 किलोमीटर दूर काकड़ागाड़ क्षेत्र में यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी।

May 31, 2025 - 09:35
May 31, 2025 - 09:37
 0  3
रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा पर गए दुर्ग के यात्रियों पर कहर, पहाड़ी से गिरे बोल्डर ने ली दो जानें, कई घायल

रुद्रप्रयाग, 31 मई 2025

उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा पर गए दुर्ग, छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं के वाहन पर काकड़ागाड़ के पास पहाड़ी से अचानक एक भारी बोल्डर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में वाहन चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में दुर्ग जिले के कुछ और यात्री भी शामिल हैं जिनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम गौरीकुंड हाईवे पर रुद्रप्रयाग शहर से लगभग 30 किलोमीटर दूर काकड़ागाड़ क्षेत्र में यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। केदारनाथ जा रही मैक्स वाहन (टैक्सी) पर अचानक एक बड़ा बोल्डर आ गिरा। वाहन में चालक समेत कुल छह यात्री सवार थे।

सूचना मिलते ही डीडीआरएफ (डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। टीम ने वाहन में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल अन्य पांच यात्रियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि ले जाया गया, जहाँ उनका तत्काल उपचार शुरू किया गया।

डीडीएमओ (जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी) नंदन सिंह रजवार ने बताया कि दुर्घटना में वाहन चालक राजेश रावत (38 वर्ष), पुत्र राय सिंह रावत, निवासी नाग पनयाला, लंबगांव, नई टिहरी की मौके पर मौत हो गई।

वहीं, उपचार के दौरान जिस यात्री ने दम तोड़ा, उसकी पहचान शैलेश कुमार यादव (24 वर्ष), निवासी जिला दुर्ग, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है।

इस घटना में घायल होने वालों में लक्ष्मण सिंह (24 वर्ष), ओंकार सिंह राजपूत (24 वर्ष), दीपेश यादव (19 वर्ष) और चित्रांश साहू (निवासी जिला दुर्ग, छत्तीसगढ़) शामिल हैं। सभी घायलों का अगस्त्यमुनि के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने मृतक के शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और प्रशासन द्वारा पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0