
Raipur WRS कॉलोनी चोरी का खुलासा, ताला टूटने की खबर देने वाला ही निकला मास्टरमाइंड
रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र अंतर्गत डब्ल्यूआरएस (WRS) कॉलोनी में हुई लाखों की चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि चोरी की वारदात को किसी बाहरी गिरोह ने नहीं, बल्कि पीड़ित के सगे पड़ोसी ने अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी पड़ोसी रवि स्वामी और उसके एक साथी राहुल ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया है।
सूचना देने वाला ही निकला चोर
मामले के अनुसार, पीड़ित होरी पाल 16 जनवरी को सपरिवार अपने गृह ग्राम महासमुंद गए हुए थे। इसी दौरान उनके सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। 20 जनवरी को उनके पड़ोसी रवि स्वामी ने ही फोन कर उन्हें बताया कि आपके घर का ताला टूटा हुआ है। पीड़ित जब वापस लौटे तो लाखों का माल गायब था, जिसके बाद खमतराई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

बयान बदलने पर गहराया शक
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और खमतराई पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस को सबसे पहले सूचना देने वाले रवि स्वामी पर ही संदेह हुआ, क्योंकि वह पूछताछ के दौरान बार-बार अपने बयान बदल रहा था और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो रवि ने अपने साथी राहुल ध्रुव के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।
1 लाख का माल बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 1,00,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



