
हुक्के के गोदाम पर छापा: 25 लाख का प्रतिबंधित सामान जब्त, पुणे से रायपुर तक फैला है नशे का जाल
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। खमतराई थाना क्षेत्र के न्यू गोंदवारा बस्ती में स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर पुलिस ने लगभग 25 लाख रुपये की प्रतिबंधित हुक्का सामग्री और ई-सिगरेट बरामद की है। यह माल पुणे (महाराष्ट्र) से मंगाकर रायपुर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जाता था।
गोदाम में मिला नशे का जखीरा
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने जब गोदाम में दबिश दी, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी दंग रह गए। गोदाम के अंदर ई-सिगरेट, हुक्का पॉट, मैजिक कोल, कोकोनट कोल और प्रतिबंधित फ्लेवर का भारी जखीरा भरा हुआ था। पुलिस ने मौके से गोदाम मैनेजर प्रबोध शर्मा (56 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

आकाश और नितिन चला रहे थे काला कारोबार
पूछताछ में गिरफ्तार मैनेजर ने खुलासा किया कि इस पूरे काले कारोबार के असली मालिक आकाश तलरेजा (शंकर नगर) और नितिन सभागचंदानी (डी डी नगर) हैं। ये दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। ये लोग पुणे से माल मंगाकर रायपुर के युवाओं के बीच इसे अवैध रूप से खपाते थे।
क्या-क्या हुआ जब्त?
पुलिस ने गोदाम से 25 लाख के सामान की एक लंबी लिस्ट तैयार की है, जिसमें शामिल हैं:
- 70 कार्टून कोकोनट कोल और 40 कार्टून मैजिक कोल।
- 78 डिब्बा प्रतिबंधित ई-सिगरेट।
- 110 नग बोंग और 100 नग बोंग पाइप।
- भारी मात्रा में हुक्का फ्लेवर, एल्यूमिनियम फॉयल और नोजल।
कड़ी धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोटपा एक्ट और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम 2019 की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस कमिश्नरेट ने साफ कर दिया है कि शहर में नशे का अवैध कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



