
Raipur में बदमाशों पर Police का शिकंजा: चाकू-तलवार के साथ 23 संदिग्ध गिरफ्तार, दो पुराने हिस्ट्रीशीटर भी शामिल
रायपुर। राजधानी में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। डीसीपी सेंट्रल ज़ोन उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर बुधवार शाम से गुरुवार तड़के तक शहर के विभिन्न इलाकों में सघन चेकिंग और कॉम्बिंग अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो फरार वारंटियों को गिरफ्तार करने के साथ ही 23 संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनके पास से घातक हथियार भी बरामद हुए हैं।
शराब भट्ठियों और बस्तियों में घेराबंदी
एडिशनल डीसीपी (सेंट्रल) तारकेश्वर पटेल के नेतृत्व में गंज और कोतवाली थाना क्षेत्रों में विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस की टीमों ने चुना भट्टी, रेलवे स्टेशन, गंजपारा, नेहरू नगर और टैगोर नगर जैसे इलाकों में शराब भट्ठियों, अहातों और सुनसान मैदानों की घेराबंदी की। इस दौरान अंधेरी गलियों में नशा करने वाले तत्वों को खदेड़ा गया और मोहल्लों में दबदबा बनाने की कोशिश करने वाले बदमाशों को कड़ी चेतावनी दी गई।

दो शातिर वारंटी गिरफ्तार
अभियान के दौरान पुलिस ने दो पुराने फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कोतवाली थाने का निगरानीशुदा बदमाश हरीश टांडी शामिल है, जो आर्म्स एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार था। हरीश के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा और मारपीट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के ही एक अन्य प्रकरण में फरार वारंटी करण साहू को भी पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुँचाया है।
आधी रात को ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, हथियार बरामद
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशों का पालन करते हुए सिविल लाइन थाना क्षेत्र में देर रात बड़ी कार्रवाई की गई। राजा तालाब, श्याम नगर और ताज नगर इलाकों में अड्डेबाजी कर रहे और संदिग्ध रूप से घूम रहे 23 लोगों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान इनके पास से 3 चाकू और 1 तलवार बरामद की गई है। पुलिस ने इनके वाहनों को जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए नशेड़ियों और अपराधियों के विरुद्ध इस प्रकार के अभियान आने वाले दिनों में और भी सख्ती के साथ जारी रहेंगे।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



