
Bhilai : नेहरू नगर व्यापारी संघ ने खुले में शराब पीने वालों पर अंकुश लगाने सौंपा कार्ययोजना पत्र
नेहरू नगर व्यापारी संघ ने वार्ड क्रमांक 4, नेहरू नगर क्षेत्र में व्यावसायिक परिसरों के आसपास बढ़ती असामाजिक गतिविधियों और खुले में मदिरा सेवन की समस्या को लेकर सुपेला थाना प्रभारी श्री यादव जी को एक विस्तृत सुझाव एवं कार्ययोजना पत्र सौंपा है।
असामाजिक गतिविधियों से व्यापारी और ग्राहक परेशान
नेहरू नगर व्यापारी संघ के अध्यक्ष देविंदर सिंह भाटिया, कोषाध्यक्ष मुकेश जैन, साडा कॉम्प्लेक्स प्रतिनिधि एस. सन्मुख राव एवं सदस्य विजय कोठारी ने 22 जनवरी को थाना प्रभारी से मुलाकात कर बताया कि नेहरू नगर पूर्व के कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और साडा कॉम्प्लेक्स की पार्किंग, गुमटियों और आसपास के क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगातार बढ़ रहा है। इससे महिलाओं, परिवारों, व्यापारियों और ग्राहकों को भारी असुविधा एवं असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारी संघ ने बनाई ‘व्हिसलब्लोअर गश्त टीम’
संघ अध्यक्ष श्री भाटिया ने बताया कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए व्यापारी संघ ने अपनी ओर से एक ‘व्हिसलब्लोअर गश्त टीम’ का गठन किया है, जो सीटी बजाकर लोगों को सचेत कर रही है और असामाजिक तत्वों को समझाइश दे रही है।
पुलिस गश्त के लिए प्रभावी रूट मैप का सुझाव
कोषाध्यक्ष मुकेश जैन एवं प्रतिनिधि एस. सन्मुख राव ने पुलिस प्रशासन को एक प्रभावी गश्त रूट मैप और कार्ययोजना का सुझाव दिया। इसके तहत आईडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई बैंक के सामने की पार्किंग, चेन स्मोकर के पास और साडा कॉम्प्लेक्स मार्केट के अंदर-बाहर के प्रमुख ‘जमघट पॉइंट्स’ को चिन्हित किया गया है।
15 दिन विशेष गश्त अभियान की मांग
संघ सदस्य विजय कोठारी ने सुझाव दिया कि शुरुआती 15 दिनों तक शुक्रवार से सोमवार तक लगातार चार दिनों का विशेष गश्त चक्र चलाया जाए, जिससे इन स्थानों पर बैठने वाले असामाजिक तत्वों का मनोबल पूरी तरह टूट सके और क्षेत्र का वातावरण पुनः सुरक्षित बनाया जा सके।
थाना प्रभारी ने दिया त्वरित कार्रवाई का आश्वासन
सुपेला थाना प्रभारी श्री यादव जी ने नेहरू नगर व्यापारी संघ की इस पहल का स्वागत करते हुए सभी सुझावों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया और संबंधित अधिकारियों को नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



