
Korba : मां की फटकार के बाद कॉलेज छात्रा ने की आत्महत्या
कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत घुड़देवा इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 20 वर्षीय बीए फर्स्ट ईयर की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

कॉलेज जाने के नाम पर निकली थी घर से
बुधवार को छात्रा आरती टंडन कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, इसी दौरान घर में रखी नाना के पुराने क्वार्टर की चाबी गायब मिली, जिससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
नाना के क्वार्टर में मिला शव
शक के आधार पर परिजन बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के घुड़देवा स्थित नाना अमृत टंडन के पुराने क्वार्टर (B-2/27) पहुंचे। क्वार्टर का दरवाजा अंदर से बंद था। मृतिका के भाई ने दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया, जहां देखा कि आरती का शव पंखे से लटका हुआ था।
मां की फटकार के बाद उठाया आत्मघाती कदम
परिजनों के अनुसार, घटना से पहले किसी बात को लेकर मां ने आरती को फटकार लगाई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी से आहत होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

बचपन से नाना के साथ रहकर कर रही थी पढ़ाई
आरती टंडन मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के गुमिया गांव की रहने वाली थी। वह बचपन से ही अपने नाना के साथ इसी क्वार्टर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। कुछ समय पहले नाना के SECL से रिटायर होने के बाद वे गांव चले गए थे, जिसके बाद क्वार्टर बंद पड़ा था।
पुलिस जांच में जुटी
बांकीमोंगरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल मामले को आत्महत्या मानकर जांच की जा रही है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



