
Kanker: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सट्टा खिलाने वाला खाईवाल गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक खाईवाल को गिरफ्तार किया है। चारामा पुलिस और कांकेर साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, नकदी और हजारों रुपये की सट्टा-पट्टी जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर हुआ खुलासा
पुलिस को 27 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चारामा नगर के वार्ड क्रमांक 4 शीतलापारा क्षेत्र में एक व्यक्ति पान ठेले के पास लोगों से पैसे लेकर अंकों पर दांव लगवा रहा है और सट्टा लिख रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी
पुलिस ने घेराबंदी कर परमेश्वर यादव को रंगे हाथ सट्टा लिखते हुए गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से सट्टा लिखी पर्चियां, डॉट पेन और 2330 रुपये नकद बरामद किए गए।
मास्टरमाइंड का नाम आया सामने
पूछताछ में परमेश्वर यादव ने खुलासा किया कि वह यह सट्टा नरू सेठ उर्फ नरेश बच्छाणी के कहने पर लिख रहा था। नरू सेठ चारामा के बंगलापारा क्षेत्र का निवासी है और सट्टा कारोबार का संचालन कर रहा था।
रायपुर से गिरफ्तार हुआ नरू सेठ
आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने 3 फरवरी 2026 को विशेष कार्रवाई करते हुए नरू सेठ उर्फ नरेश बच्छाणी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए रायपुर में छिपा हुआ था, लेकिन कांकेर साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे दबोच लिया गया।
मोबाइल, नकदी और सट्टा-पट्टी जब्त
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी नरू सेठ के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, नकदी रकम और हजारों रुपये की सट्टा-पट्टी बरामद की गई। पुलिस ने सभी सामग्री को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पहले से रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार नरू सेठ का आपराधिक रिकॉर्ड पहले भी रहा है। वह इस क्षेत्र में कई बार सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया गया है। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



