
धमतरी में अतिक्रमण हटाने के दौरान हंगामा, महिला ने परिवार सहित खुद पर डाला पेट्रोल
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने अपने परिवार के पांच सदस्यों के साथ खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। महिला ने मौके पर मौजूद लोगों पर भी पेट्रोल फेंकते हुए आग लगाने की कोशिश की, जिससे वहां भारी तनाव की स्थिति बन गई।

ग्राम पंचायत बैठक के दौरान भड़का विवाद
यह घटना पचपेड़ी गांव की है, जहां ग्राम पंचायत में अतिक्रमण हटाने को लेकर बैठक चल रही थी। इसी दौरान प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी मशीन मौके पर पहुंची। मशीन को देखते ही अतिक्रमणकारी परिवार जेसीबी के सामने धरने पर बैठ गया और विरोध शुरू कर दिया।
स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन को रोकनी पड़ी कार्रवाई
महिला द्वारा पेट्रोल छिड़कने और आत्मदाह की धमकी देने से हालात बेकाबू होने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन ने तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रोक दी, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
22 अतिक्रमण किए गए हैं चिन्हित
नायब तहसीलदार दुर्गेश तंवर ने बताया कि पचपेड़ी गांव में कुल 22 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। सोमवार को तहसीलदार और अर्जुनी थाना पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की गई थी, लेकिन भारी विरोध और तनावपूर्ण माहौल के कारण इसे रोकना पड़ा।
मंगलवार को अतिरिक्त सुरक्षा में होगी दोबारा कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मंगलवार को अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ दोबारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। नायब तहसीलदार ने बताया कि पेट्रोल छिड़कने की सूचना मिलते ही पुलिस को मौके पर भेजा गया और लोगों को कानून हाथ में न लेने की सख्त समझाइश दी गई।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



