
Korba : एसईसीएल मानिकपुर खदान में 170 फीट नीचे गिरने से मजदूर की मौत
कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल की मानिकपुर खदान में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां कोयला चोरी करने गए एक मजदूर की लगभग 170 फीट गहरी खदान में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान, कुदारी गांव का रहने वाला था
मृतक की पहचान 42 वर्षीय भगत कुमार मरावी, निवासी कुदारी गांव (मानिकपुर खदान से सटा क्षेत्र) के रूप में हुई है। बताया गया कि बुधवार दोपहर वह कोयला चोरी करने खदान में उतरा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह सिर के बल नीचे गिर गया, जिससे उसकी तत्काल मृत्यु हो गई।
गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने देखा शव
जब भगत देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। गुरुवार सुबह ग्रामीणों को उसका शव खदान के भीतर पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई।

कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया शव
सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। खदान की गहराई अधिक होने के कारण शव निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अंततः शव को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
परिवार का एकमात्र कमाने वाला था मृतक
जानकारी के अनुसार, भगत कुमार मरावी एक पैर से दिव्यांग था और उसे मिर्गी की बीमारी भी थी। उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की जानकारी मिल चुकी है। परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



