
बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में एक यात्री की मौत ,करीब 15 श्रद्धालु घायल
सूरजपुर। अंबिकापुर–बनारस मार्ग पर सोमवार देर रात श्रद्धालुओं से भरी एक यात्री बस सड़क हादसे का शिकार हो गई। गंगापुर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि करीब 15 श्रद्धालु घायल हुए हैं।
पीछे से ट्रक की टक्कर, पेड़ से जा भिड़ी बस
जानकारी के अनुसार, बस रायगढ़ जिले के तमनार से श्रद्धालुओं को लेकर वाराणसी (बनारस) के लिए रवाना हुई थी। गंगापुर के पास पीछे से आए ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया।

एक श्रद्धालु की मौत, 15 घायल
दुर्घटना में लगभग 15 श्रद्धालु घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक यात्री को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
पुलिस व प्रशासन ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र की पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को एंबुलेंस से तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।
घायलों का उपचार जारी
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि अन्य का उपचार चिकित्सकीय निगरानी में किया जा रहा है।
जांच शुरू, परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



