
Dhamtari : चॉइस सेंटर संचालक पर जानलेवा हमला, मोबाइल लूटकर फरार हुए हमलावर
धमतरी। जिले में मंगलवार देर रात एक चॉइस सेंटर संचालक पर अज्ञात लोगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने युवक को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और उसका मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर लौटते समय रास्ते में घेरकर किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित का नाम ओंकार साहू है, जो ग्राम जोरातराई का निवासी है और चॉइस सेंटर का संचालन करता है। वह रोज़ाना की तरह मंगलवार देर रात चॉइस सेंटर बंद कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम भेंडसर और सिंगदेही के बीच अज्ञात लोगों ने उसे रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा रहा पीड़ित
हमले में ओंकार साहू को गंभीर चोटें आईं और वह खून से लथपथ हालत में सड़क पर गिर पड़ा। हमलावर उसके पास से मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। कुछ समय बाद राहगीरों की नजर घायल युवक पर पड़ी, जिसके बाद उसे तत्काल पास के अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में जारी है इलाज
घायल ओंकार साहू को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, आरोपियों की तलाश जारी
मामला भखारा थाना क्षेत्र का है। थाना प्रभारी समीर तिवारी ने बताया कि ग्राम भेंडसर-सिंगदेही मार्ग पर ओंकार साहू पर हमला हुआ है। इस संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



