
मनेन्द्रगढ़ में नाबालिग ने बच्चे को दिया जन्म, पुलिस ने दर्ज किया पॉक्सो केस
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के मनेन्द्रगढ़ स्थित सिविल अस्पताल में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की ने बच्चे को जन्म दिया है। मामले की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

पुलिस ने दर्ज किया एफआईआर, पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने जीरो में एफआईआर दर्ज कर संबंधित थाने को मामला सौंप दिया है। संबंधित थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़िता के साथ लंबे समय से यौन शोषण किया जा रहा था।
पीड़िता का बयान दर्ज, CWC को दी गई सूचना
पुलिस द्वारा पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाल कल्याण समिति (CWC) को भी सूचित किया गया है। पीड़िता को सुरक्षित वातावरण में रखा गया है और उसे चिकित्सकीय देखभाल के साथ-साथ मानसिक परामर्श और कानूनी सहायता भी प्रदान की जा रही है।

सामाजिक दबाव और जागरूकता की कमी बनी कारण
ग्रामीण क्षेत्रों में जानकारी के अभाव और पारिवारिक देखरेख की कमी के चलते नाबालिगों के साथ ऐसे मामलों का समय पर खुलासा नहीं हो पाता। सामाजिक दबाव के कारण कई घटनाएं पुलिस या प्रशासन तक पहुंचने से पहले ही दब जाती हैं।
जांच जारी, आरोपियों की तलाश
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



