
Surguja कागजों में मृत, हकीकत में जिंदा महिला पहुंची कलेक्टोरेट
सरगुजा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग महिला को राजस्व रिकॉर्ड में मृत घोषित कर उसकी करीब छह एकड़ जमीन भतीजे ने अपने नाम दर्ज करा ली। जब महिला के परिजन धान बेचने समिति पहुंचे, तब इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
मृत घोषित कर हथिया ली जमीन
जानकारी के मुताबिक, मेंड्रा खुर्द गांव निवासी बुजुर्ग महिला सुगामती राजवाड़े को कागजों में मृत दिखाकर उसके भतीजे कवल साय राजवाड़े ने उसकी करीब छह एकड़ कृषि भूमि अपने नाम चढ़वा ली। जमीन हड़पने के लिए रिकॉर्ड में छेड़छाड़ करते हुए महिला को निसंतान बताया गया और भतीजे ने खुद को उसका वारिस दर्शा दिया। यहां तक कि जीवित महिला का मृत्यु प्रमाण पत्र भी बनवा लिया गया।
धान बेचने पहुंचे तो खुली पोल
सुगामती राजवाड़े का नाती नेहरू राम राजवाड़े समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए टोकन कटवाने सरगवां समिति पहुंचा। वहां उसे बताया गया कि रिकॉर्ड में उसकी नानी की मौत हो चुकी है, इसलिए जमीन पर धान बेचने का टोकन नहीं मिल सकता। इस जानकारी के बाद परिजनों ने राजस्व रिकॉर्ड की जांच कराई, जहां पूरा फर्जीवाड़ा सामने आया।
“साहब, मैं जिंदा हूं”
फर्जीवाड़े का पता चलते ही बुजुर्ग महिला सुगामती राजवाड़े अपने नाती के साथ सरगुजा कलेक्टोरेट पहुंची। उन्होंने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपते हुए कहा,
“साहब, मैं जिंदा हूं, मुझे कागजों में मृत बताकर मेरी जमीन हड़प ली गई है।”
जांच और कार्रवाई का आश्वासन
महिला की शिकायत पर अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, नाती नेहरू राम राजवाड़े ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में राजस्व कर्मियों की भी मिलीभगत है। उन्होंने मांग की है कि दोषी राजस्व कर्मचारियों और जमीन हड़पने वाले भतीजे पर सख्त कार्रवाई की जाए।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



