March 5, 2026
Durg: मां के इलाज के नाम पर लाखों की ठगी

Durg: मां के इलाज के नाम पर लाखों की ठगी

Jan 23, 2026

तांत्रिक पूजा का झांसा देकर दुकानदार से 13.82 लाख रुपये और सोने के गहने हड़पे
मां के इलाज और पूजा-पाठ के नाम पर ठगों ने एक दुकानदार से लाखों रुपये नकद और सोने के आभूषण ठग लिए। करीब 13 लाख 82 हजार 300 रुपये की ठगी के इस मामले में छावनी पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 3(5) और 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साइकिल देखने के बहाने हुई पहचान
सिंधी कॉलोनी स्टेशन रोड, दुर्ग निवासी प्रार्थी संजय अठवानी ने 21 जनवरी को छावनी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि धमधा नाका दुर्ग में उनकी संजय साइकिल स्टोर्स नाम से दुकान है। करीब 15 दिन पहले दो युवक उनकी दुकान पर साइकिल देखने के बहाने आए थे। बातचीत के दौरान उन्होंने मोबाइल नंबर लिया और अपना नाम राजू बताते हुए संपर्क में रहने की बात कही।

बीमारी और पूजा-पाठ का दिया झांसा
कुछ दिनों बाद राजू ने फोन कर प्रार्थी को विश्वास में लिया कि उसे उनकी मां की तबीयत खराब होने की जानकारी है और पूजा-पाठ के माध्यम से इलाज कर मां को ठीक किया जा सकता है। इसके लिए कुछ खर्च आने की बात कही गई। लगातार बातचीत के बाद 16 जनवरी 2026 को राजू ने प्रार्थी को पावर हाउस फल मार्केट के पास बुलाया, जहां उसके साथ एक महिला भी मौजूद थी।

सोने के गहने और नकदी मांगी
आरोपितों ने देवी मां को चढ़ाने के नाम पर एक नारियल और 1100 रुपये लिए। इसके बाद कहा गया कि मां को पूरी तरह ठीक करने के लिए घर के मंदिर में मां के पहने हुए सोने के आभूषण और चार लाख रुपये रखने होंगे, जिन्हें 20 जनवरी को लाकर देना होगा।

रेलवे स्टेशन के पास सौंपे गहने और नकद
तय दिन 20 जनवरी की दोपहर करीब 2.30 बजे आरोपितों ने प्रार्थी को रेलवे स्टेशन पावर हाउस भिलाई के पास बुलाया। प्रार्थी अपनी कार (क्रमांक CG-07 BS 0514) से वहां पहुंचा और अपनी मां के चार सोने के कंगन (प्रत्येक लगभग 15 ग्राम, कुल 60 ग्राम, अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये) तथा नकद 8,82,300 रुपये आरोपितों को सौंप दिए।

मोबाइल बंद, तब हुआ ठगी का अहसास
आरोपितों ने शाम को घर आकर पूजा करने की बात कही, लेकिन वे नहीं पहुंचे। बाद में जब प्रार्थी ने दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो फोन बंद मिला। तब उसे ठगी का अहसास हुआ। आरोपितों ने कुल 13,82,300 रुपये की ठगी की है।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध
मामले की जानकारी स्वजनों को देने के बाद प्रार्थी ने छावनी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मोबाइल नंबर 8055722514 के धारक एवं उसके अन्य साथियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। छावनी पुलिस ने कहा कि आरोपितों की तलाश की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

 

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix