
जशपुर में नशीली कफ सिरप की बड़ी खेप जब्त, आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 640 शीशियां प्रतिबंधित विस्कोरेक्स कोडीन फॉस्फेट कफ सिरप जब्त की है। जब्त कफ सिरप की कुल कीमत करीब 1 लाख 11 हजार रुपए आंकी गई है।

ओडिशा से ला रहा था नशीली खेप
पुलिस ने इस मामले में मोहित कुमार गुप्ता नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से नशीली कफ सिरप की अवैध खरीद-फरोख्त में शामिल था। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी ओडिशा से प्रतिबंधित कफ सिरप लेकर जशपुर आ रहा है।
लाखझार घाट पर नाकाबंदी, बिना नंबर बाइक से पकड़ा
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ाई और लाखझार घाट के पास नाकाबंदी की। कुछ ही देर बाद ग्राम फरसाटोली की ओर से बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आरोपी आता दिखाई दिया। बाइक की पिछली सीट पर दो बोरियां बंधी हुई थीं, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
बाइक और जंगल से बरामद हुए कुल चार कार्टून
बोरियों की तलाशी लेने पर बाइक से दो कार्टून बरामद किए गए, जिनमें 100-100 एमएल की 320 शीशियां नशीली कफ सिरप मिलीं। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखे गए दो अन्य कार्टून भी बरामद किए गए। इनमें भी 320 शीशियां पाई गईं।

दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
पूछताछ के दौरान आरोपी मोहित गुप्ता नशीली कफ सिरप से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। उसने स्वीकार किया कि वह इस पूरी खेप को बेचने के उद्देश्य से ओडिशा से खरीदकर ला रहा था।
नारकोटिक्स एक्ट के तहत केस दर्ज
मामला कोतबा पुलिस चौकी क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 21(सी) नारकोटिक्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



