
Raigarh में मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक मोबाइल दुकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के बोइरदादर रोड स्थित एक मोबाइल दुकान को अज्ञात चोर ने निशाना बनाया। देर रात शटर का ताला और कांच का दरवाजा तोड़कर चोर दुकान में घुसा और लाखों रुपए के महंगे मोबाइल व करीब एक लाख रुपए नकद चोरी कर फरार हो गया।

CCTV में कैद हुई चोरी की वारदात
पूरी चोरी की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर किस तरह दुकान के अंदर घुसकर काउंटर में रखे मोबाइल फोन निकालता है और गल्ले में रखी नकदी लेकर मौके से फरार हो जाता है।
सुबह दुकान खोलने पर हुआ खुलासा
मिली जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर निवासी सुरेश शाह बोइरदादर रोड पर “शाह मोबाइल” नाम से दुकान का संचालन करते हैं। बुधवार रात रोज की तरह दुकान बंद कर शटर में ताला लगाकर वे घर चले गए थे। गुरुवार सुबह जब दुकान पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर मोबाइल फोन और नकदी गायब पाई गई।
नुकसान का आंकलन जारी
चोर ने काउंटर में रखे कई महंगे मोबाइल फोन चोरी कर लिए हैं। इसके साथ ही गल्ले में रखे करीब 1 लाख रुपए नकद भी चोरी हो गए। फिलहाल चोरी गए मोबाइलों की संख्या और कुल नुकसान का सटीक आंकलन नहीं हो सका है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुकान के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



