
फर्जी आबकारी अधिकारी बनकर उगाही कर रहे थे युवक, ग्रामीणों ने पकड़े 4 आरोपी
सक्ती। सक्ती जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पांच युवक फर्जी आबकारी अधिकारी बनकर गांव में उगाही करने पहुंचे थे। ग्रामीणों को शक होने पर villagers ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। मामला सक्ती थाना क्षेत्र के परसदा खुर्द गांव का है।

सोमवार देर रात पांच युवक एक ग्रामीण के घर पहुंचे थे। इनमें से एक युवक ने पुलिस जैसी वर्दी पहन रखी थी, जिस पर आबकारी और पुलिस दोनों के मोनो लगे थे, जबकि बाकि चार युवक सिविल ड्रेस में थे। आरोपियों ने ग्रामीण को झूठे आरोप लगाकर जेल भेजने की धमकी दी और 30 हजार रुपये की मांग करने लगे।
दो बाइक और तीन मोबाइल जब्त
ग्रामीणों को शक होने पर आसपास के लोग एकत्रित हुए और चार आरोपियों को मौके पर ही पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेंद्र गोस्वामी, अजय गोस्वामी, रामनारायण धीवर और लोकेश राठौर के रूप में हुई है। सभी आरोपी जांजगीर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके पास से दो बाइक और तीन मोबाइल भी जब्त किए हैं।

फरार आरोपी की तलाश जारी
सक्ती एएसपी हरीश यादव ने बताया कि पूछताछ में सभी आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे किसी भी विभाग से संबंधित नहीं हैं और केवल पैसे की उगाही के लिए यह फर्जी भेस बनाकर पहुंचे थे। फरार आरोपी की तलाश जारी है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अवैध वसूली सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



