
Raipur: फाफाडीह में युवक की चाकू मारकर हत्या, 24 घंटे के भीतर तीन आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर के फाफाडीह शराब भट्टी के पास हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लूट के इरादे से बदमाशों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गश्ती दल को मिला था लहूलुहान युवक
घटना देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र की है। बुधवार रात पुलिस गश्ती दल को फाफाडीह शराब भट्टी के पास एक युवक गंभीर हालत में पड़ा मिला। युवक के गाल, पेट और हाथ में चाकू के गहरे निशान थे। पुलिस तत्काल उसे मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लूट के इरादे से की थी हत्या
पुलिस जांच में मृतक की पहचान अमर लोहार के रूप में हुई। हत्या की सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि सागर, आलोक और वंश नामक तीन आरोपियों ने लूट की नीयत से युवक पर हमला किया था। चाकू से कई वार कर उन्होंने युवक की जान ले ली। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रायपुर पुलिस की तत्परता
रायपुर पुलिस की तेज कार्रवाई से 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा हो गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



