
साइड मांगने पर भड़के युवक: ट्रक चालक पर धारदार हथियार से किया हमला, एक नाबालिक सहित 2 आरोपी और गिरफ्तार
तिल्दा/रायपुर। राजधानी के ग्रामीण इलाके तिल्दा नेवरा में सड़क पर दबंगई दिखाने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। ट्रक चालक द्वारा रास्ता मांगने पर गाली-गलौज और धारदार हथियार से मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को तिल्दा नेवरा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ट्रक चालक 3 फरवरी की शाम अपनी ट्रक में धान लोड कर डी.के. राईस मिल सिनोधा जा रहा था। जब वह ग्राम सिनोधा के गांधी चौक पहुँचा, तो वहां सड़क के बीचों-बीच मोटरसाइकिल खड़ी कर कुछ युवक बात कर रहे थे। ट्रक चालक ने रास्ता साफ करने के लिए हॉर्न बजाया, जो आरोपियों को नागवार गुजरा।

गाली-गलौज और जानलेवा हमला
रास्ता रोकने की बात पर आरोपी धनंजय और मधुकर अपने एक नाबालिग साथी के साथ ट्रक चालक पर टूट पड़े। आरोपियों ने पहले गंदी-गंदी गालियां दीं और फिर जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के और धारदार वस्तु से चालक पर हमला कर दिया। इस हमले में ट्रक चालक को गंभीर चोटें आईं।
पुलिस की कार्यवाही और गिरफ्तारी
शिकायत मिलते ही तिल्दा नेवरा पुलिस ने बी.एन.एस. (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए तीनों को हिरासत में लिया।
पकड़े गए आरोपी
- धनंजय उर्फ अजय (21 वर्ष), निवासी ग्राम सिनोधा।
- मधुकर निषाद उर्फ चोटी (20 वर्ष), निवासी ग्राम सिनोधा।
- विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (CG 04 PD 5723) भी जप्त कर ली है, जिसकी कीमत करीब 30,000 रुपये है। सभी आरोपियों को ज्यूडिशियल रिमांड पर न्यायालय पेश किया गया है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



