
युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर लगाई आग: इलाज से किया इंकार, सुबह कमरे में मिली लाश
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आग की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि उसने इलाज के लिए अस्पताल जाने से साफ इंकार कर दिया ।

मृतक की पहचान अगर साय के रूप में हुई है। घटना के बाद उसकी हालत देखकर पत्नी और सास ने उसे तत्काल अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन युवक ने किसी भी तरह का इलाज कराने से मना कर दिया। इसके बाद वह रात में अपने कमरे में जाकर सो गया।
सुबह टूटा परिवार पर दुखों का पहाड़
सुबह जब पत्नी ने कमरे में जाकर देखा तो युवक का शरीर ठंडा पड़ चुका था। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस जांच में जुटी, कारण अब भी रहस्य
फिलहाल आत्मदाह के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक ने बड़ा कदम क्यों उठाया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



