
योग आश्रम की आड़ में गांजा तस्करी: डोंगरगढ़ में बाबा गिरफ्तार, 2 किलो गांजा बरामद
राजनांदगांव, 26 जून 2025:
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में प्रज्ञा गिरी पहाड़ी के पास एक योग आश्रम में पुलिस ने छापेमारी कर चौंकाने वाला खुलासा किया। आश्रम की आड़ में गांजा तस्करी का गोरखधंधा चल रहा था। डोंगरगढ़ पुलिस ने योगी बाबा कांति अग्रवाल को 1 किलो 993 ग्राम गांजा और आपत्तिजनक सामान के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना
डोंगरगढ़ पुलिस को स्थानीय लोगों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि प्रज्ञा गिरी पहाड़ी के पास स्थित फार्म हाउस में हर शाम असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। डोंगरगढ़ एसडीओपी आशीष कुंजाम ने बताया कि कार्रवाई के दौरान फार्म हाउस के मालिक योगी कांति अग्रवाल के कब्जे से 1 किलो 993 ग्राम गांजा, चिलम और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया।
गोवा की तर्ज पर बन रहा था योग आश्रम
पूछताछ में पता चला कि कांति अग्रवाल पिछले 20 वर्षों से गोवा में रह रहा था और वहां योग आश्रम संचालित करता था। उसने विभिन्न विश्वविद्यालयों से योग की डिग्री हासिल की थी और कई विदेशी पर्यटकों को योग प्रशिक्षण देता था। आरोपी ने बताया कि वह गोवा की तर्ज पर डोंगरगढ़ में प्रज्ञा गिरी पहाड़ी पर पिछले दो महीनों से योग आश्रम का निर्माण कर रहा था।
विदेशी पर्यटकों से था संपर्क
पुलिस जांच में सामने आया कि कांति अग्रवाल 100 से अधिक देशों की यात्रा कर चुका है और कई विदेशी पर्यटकों के साथ उसका संपर्क था। वह अपने आश्रम में युवाओं और पर्यटकों को निशाना बनाकर गांजा बेचने का काम करता था। पुलिस ने आश्रम से बरामद सामान के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की और आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
असामाजिक तत्वों का अड्डा बना था आश्रम
एसडीओपी आशीष कुंजाम ने बताया कि योग आश्रम असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुका था। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह 10 से अधिक एनजीओ का डायरेक्टर है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आश्रम में अन्य अवैध गतिविधियां भी चल रही थीं।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



