यमुना में रील्स बनाने की सनक ने ली 6 किशोरियों की जान: आगरा के नगला नाथू में मातम

आगरा, 3 जून
रील्स बनाने की दीवानगी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। आगरा के सिकंदरा इलाके के नगला नाथू गांव में आज सुबह यमुना नदी में रील्स बनाते समय छह किशोरियां डूब गईं, जिससे पूरे गांव में कोहराम मच गया है। इस दर्दनाक हादसे से हर आंख नम है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
यह हृदयविदारक घटना सुबह करीब 9 बजे हुई। मजदूरी करने वाले सुरेश की पांच बेटियां – मुस्कान (18), दिव्या (16), संध्या (14) – अपनी चचेरी बहन नैना (13) और पड़ोस की दो बहनें शिवानी व सुहानी के साथ यमुना में नहाने गई थीं। नहाने से पहले, इन सभी किशोरियों ने खूब रील्स और सेल्फी लीं। उनके मोबाइल में मिली रील्स में वे सभी हंसती-मुस्कुराती नज़र आ रही हैं, लेकिन किसी को क्या पता था कि यही खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदल जाएगी।
बताया जा रहा है कि रील्स बनाने के बाद सभी ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर यमुना के पानी में उतरना शुरू किया। जैसे ही वे गहरे पानी में पहुंचीं, चीख-पुकार मच गई।

भाई की कोशिश भी नाकाम:
लड़कियों की चीखें सुनकर उनका चचेरा भाई दीपेश भागा और नदी में कूद गया। लड़कियों ने उसे पकड़ लिया, जिससे वह भी डूबने लगा। किसी तरह वह बाहर निकला और खेतों में काम कर रहे किसानों को मदद के लिए पुकारा। गांव के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी किशोरियों को नदी से बाहर निकाला।
छह जिंदगियां खत्म:
जब तक लड़कियों को बाहर निकाला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दिव्या, संध्या, नैना और शिवानी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर हालत में मुस्कान और सुहानी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां भी उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना ने एक बार फिर रील्स और सोशल मीडिया के बढ़ते क्रेज के खतरों को उजागर किया है, खासकर जब सुरक्षा के पहलुओं को नजरअंदाज किया जाता है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT