
शनिवार की छुट्टी के लिए ‘जंग’, 27 जनवरी को 8 लाख बैंक कर्मचारी करेंगे हड़ताल
रायपुर | अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो उसे समय रहते निपटा लें। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 27 जनवरी को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इस हड़ताल में देशभर के सरकारी और निजी बैंकों के करीब 8 लाख अधिकारी और कर्मचारी शामिल होंगे, जिससे बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह ठप रह सकती हैं।
प्रमुख मांग: 5-डे बैंकिंग और हर शनिवार छुट्टी
बैंक यूनियनों की सबसे प्रमुख मांग ‘फाइव डे वर्किंग वीक’ (सप्ताह में पांच दिन काम) लागू करना है।2015 के 10वें द्विपक्षीय समझौते में सरकार और आईबीए ने दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश देने पर सहमति जताई थी। उस समय आश्वासन दिया गया था कि भविष्य में सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने पर विचार होगा, लेकिन 10 साल बीत जाने के बाद भी यह मामला लंबित है।

बैंकिंग सेवाएं होंगी प्रभावित
अखिल भारतीय बैंक अधिकारी महासंघ और छत्तीसगढ़ बैंक एम्प्लॉयिज एसोसिएशन ने रायपुर में प्रेसवार्ता कर बताया कि इस विरोध प्रदर्शन में कुल 9 यूनियनें एक साथ आ रही हैं। हड़ताल के कारण:
- चेक क्लियरिंग में देरी हो सकती है।
- बैंक शाखाओं में कैश जमा और निकासी प्रभावित होगी।
- लोन और अन्य दस्तावेजी कार्य रुक जाएंगे।
हालांकि, डिजिटल ट्रांजेक्शन और यूपीआई (UPI) सेवाएं चालू रहने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ में भी दिखेगा व्यापक असर
छत्तीसगढ़ बैंक एम्प्लॉयिज एसोसिएशन के महासचिव शिरीष नलगुंडवार ने कहा कि राज्य के हजारों बैंक कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल होकर केंद्र सरकार और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों पर बढ़ता कार्यभार और मानसिक तनाव कम करने के लिए सप्ताह में दो दिन का अवकाश बेहद जरूरी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



