
Durg : ब्याज के पैसे के विवाद में हत्या, फरार आरोपी भी गिरफ्तार
थाना सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने ब्याज के पैसों की लेन-देन को लेकर हुई हत्या के मामले में एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इससे पहले इस प्रकरण में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।

ब्याज का विवाद बना हत्या की वजह
मामले का संक्षिप्त विवरण यह है कि शीतला नगर वार्ड क्रमांक 5 निवासी वी. रानी सोनी ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके पति वेदुरवाडा संतोष आचारी सोना-चांदी तथा ब्याज पर रुपये देने का कार्य करते थे। उन्होंने दादू सोनी को कुछ रुपये दिए थे, जो लंबे समय से वापस नहीं किए जा रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हो चुका था।
घटना की पूरी जानकारी
दिनांक 07.11.2025 को दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच संतोष आचारी ने अपनी पत्नी को फोन कर बताया कि दादू सोनी से पैसे मांगने को लेकर विवाद हो गया है और दादू सोनी का बेटा अपने साथियों के साथ झगड़ा कर रहा है। इसके बाद सुबह करीब 7 बजे अस्पताल से सूचना मिली कि संतोष आचारी की हत्या कर दी गई है। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 567/2025 धारा 103(1), 331(8), 111(2)(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
10 आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
विवेचना के दौरान घटनास्थल निरीक्षण और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने घटना में शामिल 10 आरोपियों—चैत्रराम सोनी उर्फ दादू, मनीष सोनी, तरुण सोनी, शिवा सोनी, अनिल कुमार यादव, हिरा सोनी, अमन उर्फ टिकेन्द्र तिवारी, राहुल ढीमर, घनश्याम ढीमर और योगेश ठाकुर—को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने पर घटना में प्रयुक्त हथियार जब्त किए गए और दिनांक 08.11.2025 को सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

फरार आरोपी धनराज सेन गिरफ्तार
प्रकरण की विवेचना के दौरान दिनांक 15.01.2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी धनराज सेन उर्फ धन्नु शिवनाथ नदी शिव मंदिर के पास मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एक अन्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि इस हत्या कांड में शामिल एक अन्य फरार आरोपी अर्पित सिंह की तलाश अभी जारी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



