
बिजली उपकेंद्र के लिए जमीन अधिग्रहण पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, आरंग–खरोरा मुख्य मार्ग किया जाम
आरंग। छत्तीसगढ़ के आरंग तहसील अंतर्गत गुल्लू गांव में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्र निर्माण को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड को आबंटित सरकारी भूमि के विरोध में ग्रामीणों ने आरंग–खरोरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
20.97 हेक्टेयर जमीन पर विवाद
जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार ने 400/220 केवी विद्युत उपकेंद्र निर्माण के लिए गुल्लू गांव में 20.97 हेक्टेयर (50 एकड़ से अधिक) सरकारी भूमि आबंटित की है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस जमीन के जाने से गांव में चारागाह की गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी, जबकि स्थानीय लोगों को इसका कोई सीधा लाभ नहीं मिलेगा।

प्रशासन मौके पर, समझाइश जारी
चक्काजाम में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल रहे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्पष्ट कहा कि वे किसी भी हालत में गांव की जमीन नहीं देंगे। थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, विरोध के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तनावपूर्ण हालात, समाधान की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर टिकी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



