
वाराणसी रेलवे स्टेशन पर 12 लाख के कछुए जब्त, तस्कर गिरफ्तार
वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी कार्रवाई में जीआरपी पुलिस ने 12 लाख रुपये कीमत के 48 जीवित कछुओं के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर इन कछुओं को जौनपुर के शाहगंज से पश्चिम बंगाल ले जा रहा था, लेकिन चेकिंग के दौरान वह पकड़ा गया।
चेकिंग के दौरान मिला संदिग्ध
GRP पुलिस ने बताया कि कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8/9 के पूर्वी छोर, काशी साइड शौचालय के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। शक होने पर उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसके पास दो पिट्ठू बैग हैं, जिनमें अवैध कछुए हैं। बैग की तलाशी लेने पर प्रत्येक बैग में जूट के बोरे में 24-24, कुल 48 जीवित कछुए बरामद किए गए। इन कछुओं की अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये आंकी गई है।
तस्कर की पहचान और उसका इरादा
पकड़े गए तस्कर ने अपना नाम सुधांशु मोहन बताया, जो पश्चिम बंगाल के नदिया जिले का निवासी है। वह इन कछुओं को जौनपुर के शाहगंज से तस्करी कर पश्चिम बंगाल ले जा रहा था।

जीआरपी इंस्पेक्टर रजौल नागर ने बताया कि यह कछुए वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत संरक्षित प्रजाति के हैं।
वन विभाग को सौंपी जांच
प्रकरण के तस्करी से जुड़े होने के कारण क्षेत्रीय वन अधिकारी, वाराणसी रेंज को सूचित किया गया। बरामद कछुओं के संबंध में वन विभाग की टीम द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है। जीआरपी पुलिस ने कछुओं को जब्त कर लिया है और मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।
तस्करी पर नकेल कसने की कार्रवाई
यह घटना वन्य जीवों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। जीआरपी और वन विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस और वन विभाग अब इस नेटवर्क की गहराई तक जांच कर रहे हैं ताकि इस तरह की तस्करी को पूरी तरह रोका जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



