
रायगढ़ वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, पिकअप वाहन से अवैध लकड़ी के तख्त जब्त, चालक हिरासत में
पटेलपाली क्षेत्र में उड़नदस्ता की दबिश, 30–35 तख्त बरामद
रायगढ़। वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन में लोड अवैध लकड़ी के तख्त जब्त किए। वाहन को पकड़कर बेलादुला डिपो लाया गया है। मामला रायगढ़ वन परीक्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार उड़नदस्ता टीम को सूचना मिली थी कि डभरा की ओर से अवैध लकड़ी के तख्त रायगढ़ लाए जा रहे हैं। इसी आधार पर पटेलपाली क्षेत्र में दबिश देकर वाहन को रोका गया।

चालक नहीं दिखा सका दस्तावेज, कहुवा लकड़ी होने की आशंका
जब वाहन की तलाशी ली गई तो पिकअप में बड़ी मात्रा में लकड़ी के बने तख्त लोड मिले। पूछताछ में चालक ने अपना नाम परसू बांसोर बताया, लेकिन वह किसी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
टीम के अनुसार वाहन में 30 से 35 नग तख्त लोड थे, जो संभवतः कहुवा लकड़ी के बने हैं। लकड़ी की वास्तविक प्रजाति और मूल्यांकन वन विभाग द्वारा किया जा रहा है।
वाहन जब्त, तख्तों का मूल्यांकन जारी
वन परिक्षेत्र अधिकारी संजय लकड़ा ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने पटेलपाली के पास वाहन को रोककर जांच की। वैध दस्तावेज न होने पर वाहन को जब्त कर लिया गया है और तख्तों का आकलन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



