
शादी समारोह में हंगामा: पुलिस आरक्षक ने मंत्रालय के ड्राइवर को पीटा, FIR दर्ज
दुर्ग। शादी समारोह के दौरान एक पुलिस आरक्षक द्वारा मंत्रालय के ड्राइवर की पिटाई का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर मोहन नगर थाना पुलिस ने आरोपी आरक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये है मामला
जानकारी के अनुसार, नया रायपुर सेक्टर-27 निवासी जितेंद्र वर्मा, जो मंत्रालय (महानदी भवन) के विधि एवं विधायी कार्य विभाग में वाहन चालक हैं, 2 दिसंबर को अपने पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने दुर्ग आए थे। 5 दिसंबर की रात वे अपने मित्र छबिलाल वैष्णव के साथ शंकर नगर स्थित कुर्मी भवन में एक शादी समारोह में पहुंचे थे।
आरक्षक ने हाथ-मुक्कों से ड्राइवर को पीटा
इसी दौरान दुर्ग पुलिस में पदस्थ आरक्षक केशव प्रसाद साहू मौके पर पहुंचा और बिना किसी कारण जितेंद्र वर्मा पर शराब पीने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी आरक्षक ने अचानक हमला कर जितेंद्र को हाथ-मुक्कों से पीटा। बीच-बचाव करने आए छबिलाल वैष्णव को भी चोट आई।

आरक्षक के खिलाफ FIR दर्ज
मारपीट में जितेंद्र वर्मा के चेहरे पर चोटें आईं, जबकि छबिलाल के दाहिने हाथ में चोट की पुष्टि हुई है। घटना के बाद पीड़ित ने मोहन नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने आरोपी आरक्षक के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(3) और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया है। मोहन नगर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



