
Bilaspur : उमरा यात्रा के नाम पर ठगी , ट्रैवल्स संचालक-पत्नी ने मुस्लिम परिवारों से 37 लाख रुपए वसूले
उमरा यात्रा के नाम पर ठगे गए 16 लोग
बिलासपुर में इस्लामिक धार्मिक आस्था के नाम पर 16 मुस्लिम परिवारों के साथ बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। कटघोरा स्थित रूही टूर एंड ट्रेवल्स के संचालक और उसकी पत्नी ने सऊदी अरब की उमरा यात्रा कराने का झांसा देकर लोगों से करीब 37 लाख रुपए वसूल लिए।

वीजा और टिकट नहीं दिए
पीड़ितों ने बताया कि संचालक ने कहा था कि सभी यात्रियों के वीजा और टिकट तय समय पर मिल जाएंगे, लेकिन यात्रा की तारीख नजदीक आने के बाद भी कोई व्यवस्था नहीं की गई। कई बार पूछने पर भी दंपत्ति सिर्फ बहाने बनाते रहे और “अगले हफ्ते हो जाएगा” कहकर लोगों को टालते रहे।

शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी
जब यात्रियों को ठगी का एहसास हुआ, तो उन्होंने सामूहिक रूप से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी संचालक और उसकी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है और दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
धार्मिक भावना से खिलवाड़
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा रोष जताया है। उनका कहना है कि धार्मिक भावना और भरोसे के नाम पर की गई यह ठगी न केवल आर्थिक नुकसान है, बल्कि आस्था के साथ खिलवाड़ भी है। पीड़ितों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



