
दो इनामी नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटे
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान को बड़ी सफलता मिली है। गरियाबंद जिले में दो सक्रिय नक्सलियों ने हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण किया और मुख्यधारा में शामिल होने का निर्णय लिया।

5-5 लाख रुपये का था इनाम घोषित
आत्मसमर्पण करने वालों में SDK एरिया कमेटी के सदस्य संतोष उर्फ लालपवन और सीनापाली एरिया कमेटी की सदस्य मंजू उर्फ नंदे शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। संतोष वर्ष 2010 से विभिन्न नक्सली गतिविधियों में सक्रिय रहा और कई मुठभेड़ों, आईईडी हमलों एवं अन्य गंभीर घटनाओं में शामिल था। मंजू 2002 से नक्सली संगठन से जुड़ी रही और गरियाबंद-उदंती-सीतानदी क्षेत्र में सक्रिय रही।

नए जीवन का करेंगे शुरुआत
पुलिस के अनुसार, राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास योजना से प्रभावित होकर दोनों ने हिंसा का रास्ता छोड़ने का निर्णय लिया। आत्मसमर्पण के बाद प्रशासन ने दोनों की पुनर्वास प्रक्रिया शुरू कर दी है और अब वे नए जीवन की शुरुआत करेंगे। यह घटना क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन अभियान की सफलता और स्थानीय सुरक्षा बलों की सतर्कता को उजागर करती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



