
केशकाल घाट की मुसीबत बरकरार: दो ट्रक खराब होने से लगा लंबा जाम, बस चालकों की जल्दबाज़ी ने बढ़ाई परेशानी
केशकाल। केशकाल घाट में जाम की समस्या से आम लोगों को कब राहत मिलेगी, यह सवाल एक बार फिर खड़ा हो गया है। शनिवार सुबह करीब 6 बजे घाट में दो ट्रकों के खराब हो जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
घाट में पहले से संकरी सड़क और भारी वाहनों की आवाजाही के बीच ट्रकों के खराब होने से स्थिति और बिगड़ गई। ऊपर से बस चालकों की जल्द निकलने की होड़ ने हालात और गंभीर कर दिए। ओवरटेक करने की कोशिश और लापरवाही के चलते वाहनों की लाइन लगती चली गई और घंटों तक यात्री जाम में फंसे रहे।

बस चालकों की लापरवाही बनी जाम की बड़ी वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार जाम ट्रैफिक दबाव से ज्यादा बस और भारी वाहन चालकों की जल्दबाज़ी और अनुशासनहीनता के कारण लगता है। नियमों की अनदेखी कर आगे निकलने की कोशिश यातायात व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर देती है।
जगदलपुर के लिए नई सड़क का इंतजार
केशकाल घाट से जगदलपुर जाने वाले यात्रियों के लिए यह रास्ता लाइफलाइन माना जाता है, लेकिन बार-बार लगने वाले जाम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वैकल्पिक और नई सड़क का निर्माण कब तक पूरा होगा, यह आज भी सवाल बना हुआ है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



