
फर्जी खाता खुलवाकर विदेश से ट्रांजेक्शन, 4 साल से फरार बैंक कर्मचारी गिरफ्तार
रायपुर। निजी दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से बैंक खाता खुलवाने और विदेशों से अवैध लेन-देन करने के मामले में रायपुर पुलिस ने 4 साल से फरार आरोपी बैंक कर्मचारी मनीष राव कदम को गिरफ्तार किया है। आरोपी इंडसइंड बैंक, कृष्णा कॉम्प्लेक्स में पदस्थ थे।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अजय कुमार यदु, निवासी ब्राम्हणपारा महितोष चौक, मौदहापारा ने शिकायत दर्ज कराई थी। अजय कुमार यदु मां सम्लेश्वरी ऑफसेट प्रिंटर्स के प्रोपराइटर हैं। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2011 में उनके साले के परिचित और बैंक कर्मचारी मनीष राव कदम ने अधिक ब्याज और प्रमोशन का हवाला देकर फर्म के नाम से चालू खाता खोलने के लिए दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए और निजी दस्तावेजों की प्रतियां भी ले लीं।
विदेशों से अवैध धन का लेन-देन
शिकायतकर्ता ने कहा कि उन्होंने कभी बैंक में खाता नहीं खोला और न ही लेन-देन किया। बावजूद इसके 13 दिसंबर 2019 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से समन मिलने पर उन्हें फर्जीवाड़े की जानकारी हुई। जांच में पता चला कि आरोपी मनीष कदम, तत्कालीन बैंक प्रबंधक और अन्य सहयोगियों ने मिलकर सुनियोजित षड्यंत्र कर फर्जी खाता खोलकर विदेशों से अवैध धन का लेन-देन किया।
थाना में दर्ज प्रकरण और जांच
इस मामले में थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 21/22, धारा 419 और 420 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। आरोपी इसके बाद फरार हो गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश की।

गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रायपुर जिले में मौजूद है। कार्रवाई करते हुए मनीष राव कदम, पिता घनश्याम राव कदम, उम्र 45 वर्ष, निवासी अविनाश कैपिटल होम्स फेस-02, ब्लॉक-सी, मकान नंबर 513, थाना विधानसभा, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



