
वेयरहाउस में दर्दनाक हादसा, चने की बोरी में दबने से 2 मासूम बच्चों की मौत
भाटापारा। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम धौराभाटा, थाना भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। बंशी गोपाल वेयरहाउस में काम करने वाली महिला श्रमिक के दो मासूम बच्चों की चना की बोरी में दबने से मौत हो गई। हादसे से इलाके में शोक की लहर है।
खेल-खेल में उजड़ गई खुशियां
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 06 जनवरी 2026 को शाम करीब 4 बजे, ग्राम बेलगहना (जिला बिलासपुर) निवासी महिला श्रमिक के दोनों बच्चे वेयरहाउस के अंदर खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चे चना की झिल्लियों से चना निकाल रहे थे, तभी अचानक चने का एक भारी बोरा उनके ऊपर गिर गया।

बोरी में दबे रहे बच्चे, दम घुटने से मौत
हादसे के बाद आसपास काम कर रहे मजदूरों ने तत्काल चने का बोरा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों बच्चे बेहोश हो चुके थे। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भाटापारा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई है।
मृत बच्चों की पहचान
- प्रतिमा पटेल, उम्र – 6 वर्ष
- अखिलेश पटेल, उम्र – 5 वर्ष
लापरवाही की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वेयरहाउस में सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही को लेकर जांच एवं विवेचना जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बच्चों का वेयरहाउस परिसर में होना किन परिस्थितियों में संभव हुआ।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



