
सिस्कोल कंपनी में दर्दनाक हादसा: क्रेन से गिरा लोहे का भारी सामान, मजदूर के सिर पर गिरने से मौके पर ही मौत
भिलाई (हथखोज) | दुर्ग जिले के भिलाई स्थित हथखोज औद्योगिक क्षेत्र की सिस्कोल (SISCOL) कंपनी में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक दुर्घटना हुई है। ड्यूटी के दौरान क्रेन से लोहे का भारी सामान (जॉब) हटाते वक्त एक श्रमिक हादसे का शिकार हो गया। भारी वजन सिर पर गिरने से श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कंपनी परिसर में मातम छा गया और काम रोक दिया गया।
फर्स्ट शिफ्ट में हुआ हादसा
मृतक की पहचान लेखु कौशल (34 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जामुल के गणेश नगर (वार्ड-5) का निवासी था। जानकारी के अनुसार लेखु शनिवार सुबह 6:00 बजे अपनी फर्स्ट शिफ्ट की ड्यूटी पर आया था। हादसा करीब 6:30 बजे हुआ। वह क्रेन की सहायता से लोहे के भारी सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने (इम्बैलेंस) के कारण वह नीचे गिर गया और क्रेन में फंसा भारी सामान सीधे उसके सिर पर आ गिरा।

मौके पर ही तोड़ा दम
सामान इतना भारी था कि लेखु को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। साथ काम कर रहे अन्य श्रमिक तुरंत मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक लेखु की जान जा चुकी थी।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
हादसे की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही इस बात की जांच कर रही है कि क्या कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों (Safety Protocols) का पालन किया जा रहा था? लेखु की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र के श्रमिक संगठनों ने भी घटना पर दुख जताते हुए सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



