
पंडित प्रदीप मिश्रा के कार्यक्रम में दर्दनाक हादसा: ड्यूटी पर तैनात आरक्षक की मौत, जांच जारी
भानुप्रतापपुर। पंडित प्रदीप मिश्रा के शिव पुराण कथा कार्यक्रम के दौरान बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। सुरक्षा ड्यूटी में तैनात 26 वर्षीय आरक्षक त्रिनाथ भंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक जवान साल 2023 से बस्तर फाइटर में पदस्थ था।

साथियों ने पहुंचाया अस्पताल
जानकारी के मुताबिक, जवान त्रिनाथ भंडारी की ड्यूटी कथा स्थल में सुरक्षा प्रबंधन के लिए लगाई गई थी। वह मंगलवार रात सीएएफ कैंप (भीरा) में विश्राम कर रहा था। सुबह निर्धारित समय पर नहीं उठने पर उसके साथियों ने उसे कई बार जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। तुरंत उसे भानुप्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने जताई पूर्व बीमारी की जानकारी
घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई। परिजन भानुप्रतापपुर पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया । परिजनों ने बताया कि जवान पहले से कुछ स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा था, हालांकि असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।भानुप्रतापपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जवान नारायणपुर जिले के सोनपुर का निवासी था।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



