
छत्तीसगढ़ में ट्रैफिक पुलिस सख्त, 9 महीनों में काटे 30.55 करोड़ के चालान
रायपुर: छत्तीसगढ़ में ट्रैफिक पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर इस साल कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार जनवरी से सितंबर 2025 के बीच वाहन चालकों से 30 करोड़ 55 लाख रुपए के चालान वसूले गए हैं, जबकि वर्ष 2024 की इसी अवधि में यह राशि 19 करोड़ 96 लाख रुपए थी। यानी चालानी रकम में 52.31% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

पुलिस का फोकस खासकर दुपहिया और गैर-व्यावसायिक वाहनों पर रहा है। बढ़ती कार्रवाईयों के बावजूद, राज्य में सड़क हादसों और उनमें होने वाली मौतों की संख्या में कमी नजर नहीं आई है, जिससे पुलिस की रणनीति पर सवाल उठ रहे हैं।
राज्य के कई जिलों में चालानी कार्रवाई में भारी उछाल देखा गया है—
- धमतरी में 175.60% वृद्धि
- रायगढ़ में 138.85%
- जशपुर में 131.85%
- नारायणपुर में 117.36%
- दुर्ग में 100% वृद्धि

वहीं कुछ जिलों—सारंगढ़-बिलाईगढ़, जीपीएम, कांकेर, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम—में चालानी कार्रवाई पिछले वर्ष के मुकाबले कम हुई है।
पिछले साल 4,51,049 चालान काटे गए थे
पिछले साल जहां कुल 4,51,049 चालान काटे गए थे, वहीं इस साल यह संख्या बढ़कर 6,86,983 तक पहुंच गई है।ट्रैफिक नियमों में सख़्ती का असर लोगों की जेब पर तो साफ दिख रहा है, लेकिन सड़क सुरक्षा के स्तर पर इसका कितना प्रभाव पड़ेगा, यह आने वाला समय बताएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


