
टोनही प्रताड़ना मामला: दो फरार बैगा गिरफ्तार, 10 आरोपी जेल में
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अंधविश्वास के चलते एक महिला को “टोनही” बताकर प्रताड़ित करने के गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस प्रकरण में फरार चल रहे दो बैगा आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।
ग्राम भिंजपुर की घटना, 8 नवंबर को हुआ था अत्याचार
यह मामला जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भिंजपुर का है। 8 नवंबर को गांव में अंधविश्वास के चलते 53 वर्षीय महिला फौसी बाई को टोनही होने का आरोप लगाकर अमानवीय तरीके से प्रताड़ित किया गया था। पीड़िता के साथ मारपीट की गई, जिससे गांव में भय और आक्रोश का माहौल बन गया।

पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
पीड़िता फौसी बाई ने दुलदुला थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान की।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ अपराध
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 115(2), 333, 190, 191(2) के साथ-साथ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
अंधविश्वास के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अंधविश्वास और टोनही प्रताड़ना जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस तरह के मामलों में दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



