
तिल्दा में युवक की हत्या, रेत के ढेर पर खून से सनी लाश मिलने से मचा हड़कंप
रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे तिल्दा थाना क्षेत्र में एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना वार्ड क्रमांक 15 की है, जहां एक रेत के ढेर पर युवक का शव पड़ा मिला। शव पर पेट और सीने में कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया चाकू से गोदकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
सुबह टहलने निकले लोगों ने देखा शव
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह जब स्थानीय लोग बाहर निकले, तभी उनकी नजर रेत के ढेर पर पड़े युवक के शव पर पड़ी। शव खून से सना हुआ था, जिसे देखकर लोगों में दहशत फैल गई। तत्काल इसकी सूचना तिल्दा पुलिस को दी गई।

पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।
मृतक की पहचान, अज्ञात आरोपी की तलाश
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ललित यादव, निवासी नेवरा के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या के कारणों की पुष्टि की जाएगी।
आसपास के लोगों से पूछताछ जारी
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मृतक आखिरी बार किसके संपर्क में था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



