
नीम की पत्तियां लेने जंगल गया था ग्रामीण: खूंखार तेंदुए ने किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर
डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ थाना अंतर्गत मोहारा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम लोझरी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जंगल से नीम की पत्तियां लेने गए एक ग्रामीण पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। इस हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

अस्पताल में भर्ती
जानकारी के मुताबिक, घायल ग्रामीण का नाम केज़उ राम कंवर बताया जा रहा है। वह रोजमर्रा की तरह जंगल में नीम की पत्तियां लाने गया था, तभी झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर झपट्टा मार दिया। तेंदुए के पंजों से उसके सिर पर गहरी चोट आई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। घायल ग्रामीण को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
यह पहला मामला नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि लोझरी, मोहारा और आसपास के इलाकों में तेंदुए की लगातार मूवमेंट देखी जा रही है। पहले भी मवेशियों पर हमले हो चुके हैं, लेकिन अब इंसानों को निशाना बनाए जाने से डर और गुस्सा दोनों बढ़ गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बार-बार सूचना देने के बावजूद वन विभाग ने स्थायी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए।

वन विभाग और पुलिस मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाने, निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। ग्रामीणों की मांग है कि जब तक तेंदुए की मूवमेंट पूरी तरह नियंत्रित नहीं होती, तब तक जंगल में प्रवेश पर रोक और रात्रि गश्त अनिवार्य की जाए।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



