
Chhattisgarh :बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन शातिर चोर गिरफ्तार
जगदलपुर | छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन राज्यों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक और बड़ी मात्रा में जेवरात बरामद किए गए हैं।

मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी मध्य प्रदेश के निवासी हैं। ये आरोपी छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र और ओडिशा में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। बस्तर पुलिस ने इन्हें सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
जेवरात और बाइक बरामद
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, चोरी में प्रयुक्त बाइक और अन्य औजार बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
लगातार चोरी की घटनाओं से पुलिस हुई सतर्क
जानकारी के मुताबिक जगदलपुर के सनसिटी, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सहित आसपास के इलाकों में लगातार चोरी की शिकायतें दर्ज की जा रही थीं। बढ़ती वारदातों को देखते हुए पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।

एसपी के निर्देशन में गठित हुई विशेष टीम
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद एसपी शलभ सिन्हा के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई और उन्हें धर दबोचा।
आरोपियों से पूछताछ जारी
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आशंका है कि इनसे अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



