
गिनती न सुना पाने पर दूसरी कक्षा के मासूम पर शिक्षक का कहर, छात्र के आंख से निकला खून… शिक्षा विभाग में हड़कंप
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत पलगी स्थित प्राथमिक शाला जावाखाड़ी में दूसरी कक्षा के 7 वर्षीय छात्र की शिक्षक द्वारा बेरहमी से पिटाई करने का मामला उजागर हुआ है। आरोप है कि महज़ गिनती न सुना पाने पर शिक्षक ने बच्चे के चेहरे पर लगातार थप्पड़ जड़ दिए, जिससे उसकी आंख से खून निकलने लगा और चेहरा सूज गया।
नशे में था शिक्षक — पिता का आरोप
पीड़ित छात्र भागीरथी यादव के पिता धनंजय यादव ने बताया कि शिक्षक उदय यादव अक्सर नशे की हालत में स्कूल आते हैं। घटना वाले दिन भी वे नशे में थे। भोजन अवकाश के बाद कक्षा में पहुंचकर उन्होंने बच्चे से गिनती सुनाने को कहा, और गलती होते ही आवेश में आकर थप्पड़ पर थप्पड़ मारते रहे। रोते-रोते बच्चा सिर झुका चुका था, लेकिन पिटाई नहीं रुकी।
घटना के बाद परिजन पहुंचे थाने
घर पहुंचकर जब बच्चा रोते हुए घटना बताने लगा, तो परिजन तुरंत त्रिकुंडा थाना पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। गांव में इस घटना को लेकर शिक्षक के प्रति भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने शिक्षक को तत्काल बर्खास्त करने की मांग उठाई है।

शिक्षा विभाग में खलबली
विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) विजय कुशवाहा ने कहा कि मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलते ही जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मनीराम यादव ने चेतावनी दी है कि जांच में दोषी पाए जाने पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस भी सक्रिय, कार्रवाई शुरू
त्रिकुंडा थाना प्रभारी जवाहर तिर्की ने शिकायत की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, पुलिस टीम और शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं ताकि बच्चे की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जा सके।
*👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇*
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



