
आंध्र प्रदेश में टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस में भीषण आग, एक यात्री की मौत
येलमंचिली स्टेशन के पास दो एसी कोच जले, यात्रियों ने चेन खींचकर रोकी ट्रेन
विशाखापट्टनम। आंध्र प्रदेश में टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस ट्रेन में रविवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक यात्री की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ट्रेन के दो एसी कोच पूरी तरह आग की चपेट में आ गए। यात्रियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया, जब उन्होंने चेन खींचकर ट्रेन को रोक दिया।
रात 12:45 बजे लगी आग
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 12:45 बजे ट्रेन में आग लगने की सूचना मिली। उस समय ट्रेन विशाखापट्टनम से लगभग 66 किलोमीटर दूर अनाकापल्ली जिले के येलमंचिली रेलवे स्टेशन के पास पहुंची थी। आग लगते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया और लोगों ने तुरंत चेन खींचकर ट्रेन को रोक दिया।

दो एसी कोच हुए खाक
आग इतनी भीषण थी कि ट्रेन के दो एसी कोच जलकर खाक हो गए। धुएं और आग के कारण यात्रियों को कोच से बाहर निकलने में भारी परेशानी हुई। इसी दौरान एक यात्री की झुलसने से मौत हो गई। मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



