February 1, 2026
Bhilai : टास्क पूरा करो, पैसा कमाओ स्कीम से 8 लाख की ठगी

Bhilai : टास्क पूरा करो, पैसा कमाओ स्कीम से 8 लाख की ठगी

Jan 27, 2026

ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम और ज्यादा मुनाफे का लालच देकर ठगी करने का एक बड़ा मामला दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र से सामने आया है। ठगों ने टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए युवक को झांसे में लेकर करीब 8 लाख रुपए की ठगी को अंजाम दिया।


टेलीग्राम मैसेज से शुरू हुआ ठगी का खेल

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-07 भिलाई निवासी रवि कुमार को 27 दिसंबर 2025 को टेलीग्राम पर वर्क फ्रॉम होम से जुड़ा एक मैसेज मिला। मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्हें पहले व्हाट्सएप और फिर टेलीग्राम चैनल “5123 वर्क एंड लाइफ (स्पेशलिटी रेस्टोरेंट लिमिटेड)” से जोड़ा गया। यहां ऑनलाइन टास्क पूरा करने पर मोटा मुनाफा देने का झांसा दिया गया।

 

छोटे टास्क से जीता भरोसा

पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए शुरुआत में आरोपियों ने एक छोटा टास्क दिया। टास्क पूरा करने पर पीड़ित के खाते में 1135 रुपए ट्रांसफर किए गए। इसके बाद 10 हजार रुपए निवेश करने पर 50 प्रतिशत मुनाफे का लालच दिया गया। राशि जमा करने पर पीड़ित को 14,950 रुपए वापस मिले, जिससे उसका विश्वास और मजबूत हो गया।

 

धीरे-धीरे बढ़ाई गई निवेश राशि

इसके बाद ठगों ने स्पेशल टास्क और आठ गुना कमिशन के नाम पर निवेश की रकम बढ़ानी शुरू कर दी। कभी 46 हजार रुपए, तो कभी 1,02,350 रुपए जमा कराए गए। पीड़ित ने ब ताया कि ठगों के कहने पर उसने गोल्ड गिरवी रखकर भी पैसे जुटाए और भारतीय स्टेट बैंक के अलग-अलग खातों में सीडीएम मशीन और यूपीआई के जरिए रकम ट्रांसफर की।

 

स्पेशल डिश और क्रेडिट स्कोर के नाम पर वसूली

31 दिसंबर 2025 तक पीड़ित से “स्पेशल डिश” के नाम पर 2,53,850 रुपए जमा कराए गए। इसके बाद जनवरी 2026 में ठगों ने करीब 4 लाख रुपए और जमा करवा लिए। जब पीड़ित ने मुनाफे सहित पूरी राशि निकालने की कोशिश की तो ठगों ने क्रेडिट स्कोर सुधारने के नाम पर फिर 4 लाख रुपए की मांग कर दी।

ठगी का एहसास, थाने में शिकायत

इसी दौरान पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। संपर्क करने पर ठगों के फोन बंद मिलने लगे और केवल मैसेज के जरिए पैसे जमा करने का दबाव बनाया जाता रहा। अंततः पीड़ित ने 25 जनवरी 2026 को भिलाई नगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

 

पुलिस ने दर्ज किया अपराध, तकनीकी जांच जारी

पीड़ित की शिकायत पर भिलाई नगर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामला संगठित ऑनलाइन ठगी से जुड़ा हो सकता है। जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही टेलीग्राम चैनल, व्हाट्सएप नंबर और यूपीआई आईडी की तकनीकी जांच की जा रही है।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix