
तमिलनाडु बस हादसा: आमने-सामने टक्कर में 11 की मौत, 40 से ज्यादा घायल
भीषण सड़क दुर्घटना ने कई परिवारों को किया शोकाकुल
तमिलनाडु के सिवगंगा जिले में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। थिरुपाथुर के पास दो सरकारी बसों की आमने-सामने टक्कर में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पुष्टि में सात मौतें बताई गई थीं, लेकिन बचाव कार्य पूरा होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई।

तेज रफ्तार में थीं दोनों बसें, मोड़ पर टक्कर
जानकारी के मुताबिक हादसे में शामिल एक बस करैकुड़ी की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी बस मदारै की तरफ। दोनों बसें तेज रफ्तार में थीं और हाईवे के एक मोड़ पर अचानक भिड़ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कई यात्री अंदर ही फंस गए।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा, शुरू किया बचाव
दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर फंसे यात्रियों को निकालने में पुलिस और प्रशासन की मदद की। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस के जरिए सिवगंगई सरकारी अस्पताल पहुँचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, घायलों में 20 से अधिक की हालत गंभीर है। इन्हें विशेष देखरेख में रखा गया है और कई मरीजों को आईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि गंभीर रूप से घायल मरीजों की स्थिति को लेकर अगले कुछ घंटे बेहद अहम होंगे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



