
स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही की पोल खुली:फर्जी बोर्ड, ICU बंद, एक्सपर्ट डॉक्टर हैं ही नहीं, फिर भी मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल
रायपुर। राजधानी रायपुर के भनपुरी इलाके में संचालित संवेदना मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ने निजी अस्पतालों की मनमानी और स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही की पोल खोल दी है। अस्पताल के बाहर बड़े-बड़े बोर्ड पर “मल्टी स्पेशियलिटी” लिखा है, लेकिन अंदर सुविधाओं की स्थिति इसके ठीक उलट नजर आती है।
सिर्फ नाम का मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल
अस्पताल के नाम में भले ही मल्टी स्पेशियलिटी जुड़ा हो, लेकिन हकीकत यह है कि यहां न तो विशेषज्ञ डॉक्टर नियमित रूप से मौजूद हैं और न ही गंभीर मरीजों के इलाज के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। जानकारी के अनुसार अस्पताल में आईसीयू तक की व्यवस्था नहीं है।

आईसीयू बंद, एक्सपर्ट डॉक्टरों का अभाव
सूत्रों के मुताबिक, अस्पताल में गंभीर मरीजों के इलाज के लिए आवश्यक आईसीयू सुविधा बंद पड़ी है। वहीं, एक्सपर्ट और स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की भी भारी कमी बताई जा रही है। इसके बावजूद मरीजों को बड़े अस्पताल जैसा भरोसा दिलाकर भर्ती किया जाता है।
आयुष्मान भारत योजना का लाभ नहीं
सरकारी आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज की कोई व्यवस्था यहां नहीं है। इसके बावजूद गरीब और जरूरतमंद मरीजों को गुमराह कर निजी खर्च पर इलाज के लिए मजबूर किया जा रहा है।

इलाज के नाम पर खुली लूट
अस्पताल प्रबंधन पर आरोप है कि इलाज के नाम पर मरीजों से मनमानी राशि वसूली जा रही है। बड़े दावे और आकर्षक बोर्ड के सहारे लोगों को भरोसे में लेकर इलाज किया जाता है, जो न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि मरीजों की जान से सीधा खिलवाड़ भी माना जा रहा है।
प्रशासन की निगरानी पर सवाल
इस पूरे मामले ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नियमों के विपरीत संचालित ऐसे अस्पतालों पर कार्रवाई नहीं होने से मरीजों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।
जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर अस्पताल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही से मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ न हो।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



