
Jashpur : सूटकेस में मिली पति की लाश: पत्नी महाराष्ट्र से गिरफ्तार
जशपुर जिले में सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी पत्नी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है। दुलदुला थाना क्षेत्र के भिंजपुर गांव में संतोष भगत (43) की लाश उनके ही घर में एक सूटकेस में बंद मिली थी। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि उसकी पत्नी ने सिलबट्टे से सिर कुचलकर उसकी हत्या की और फिर लाश को छिपाने की कोशिश की।

कैरेक्टर पर शक करता था पति, बढ़ते विवाद ने ली जान
पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि पति लगातार उसके चरित्र पर संदेह करता था। आए दिन होने वाले झगड़े और तनाव से तंग आकर उसने हत्या की योजना बना ली। घटना वाले दिन दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने गुस्से में सिलबट्टे से संतोष का सिर कुचल दिया।
सूटकेस में भरी लाश, खून के धब्बे मिटाने की कोशिश
हत्या के बाद महिला ने लाश को छिपाने के लिए घर में रखे एक बड़े सूटकेस में शव को ठूंस दिया। खून के धब्बे साफ करने की कोशिश भी की, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद वह घर को बंद कर मौके से फरार हो गई।

महाराष्ट्र से गिरफ्तार, जशपुर लाई गई आरोपी
पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की और मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जशपुर लाकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस हत्या की विस्तृत वजह, घटना की टाइमलाइन और महिला के भागने के दौरान मिले किसी संभावित मददगार की भी जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



