
6वीं कक्षा की छात्रा की संदिग्ध मौत: झाड़-फूंक फिर… अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक बेहद संवेदनशील और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां पोलमी स्थित विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा कन्या आवासीय विद्यालय की 6वीं कक्षा की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा की पहचान राजेश्वरी के रूप में हुई है, जो नवा गांव की निवासी थी।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह हॉस्टल में रहते हुए अचानक राजेश्वरी की तबीयत बिगड़ गई। छात्रावास अधीक्षिका उसे इलाज के लिए कुकदूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचीं, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छात्रा को छुट्टी दे दी। शीतकालीन अवकाश को देखते हुए परिजन बच्ची को अपने साथ घर ले गए।
घर पहुंचते ही बिगड़ी तबीयत
घर पहुंचने के कुछ समय बाद ही छात्रा की हालत और ज्यादा खराब हो गई। परिजनों ने पहले घर पर ही बैगा बुलाकर झाड़-फूंक करवाई, लेकिन जब बच्ची की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ, तो उसे दोबारा कुकदूर CHC ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। छात्रा की अचानक मौत से परिजनों में आक्रोश है। उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। सूचना मिलते ही कुकदूर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
विभागीय जांच के आदेश
आदिम जाति कल्याण विभाग के आयुक्त एलपी पटेल ने बताया कि छात्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया था और डॉक्टरों की सलाह पर छुट्टी दी गई थी। छुट्टी के दौरान बच्ची को घर ले जाया गया, जहां शाम को तबीयत दोबारा बिगड़ी और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि नोडल अधिकारियों को मौके पर भेज दिया गया है और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस और विभागीय स्तर पर जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रा की मौत बीमारी, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुई।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



