
Surguja : 2 दिन से लापता युवक का शव कुएं में मिला
सरगुजा जिले के कुम्हरता गांव में पिछले दो दिनों से लापता 22 वर्षीय युवक का शव कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक 23 नवंबर को बच्चों के साथ पिकनिक मनाने मैनपाट गया था, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।

कुएं में मिला शव, सिर पर गंभीर चोट के निशान
25 नवंबर की शाम ग्रामीणों को कुएं में शव तैरता हुआ नजर आया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि युवक की हत्या कर उसके शव को कुएं में फेंका गया है। परिजनों का कहना है कि यह सामान्य हादसा नहीं हो सकता। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी
दरिमा थाना पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक के पिकनिक में साथ गए लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



