
रायपुर आबकारी विभाग की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, अवैध शराब के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
रायपुर | राजधानी रायपुर में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने तिल्दा और खरोरा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान कुल 77.4 बल्क लीटर देशी मसाला शराब बरामद की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के परिवहन और भंडारण के खिलाफ यह सघन अभियान आगे भी जारी रहेगा।
केस 1: खरोरा में स्कूटी से तस्करी
आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि गैतरा मार्ग पर शराब का अवैध परिवहन हो रहा है। आबकारी टीम ने ग्राम चिचोली (खरोरा) के पास घेराबंदी की। यहाँ आरोपी रवि कुमार यादव को संतरे रंग की बिना नंबर वाली टीवीएस जूपिटर (TVS Jupiter) स्कूटी के साथ पकड़ा गया। तलाशी लेने पर स्कूटी से 180 नग पाव देशी मदिरा मसाला (सवा शेरा) बरामद हुई। पुलिस ने शराब और वाहन दोनों को मौके पर ही जब्त कर लिया।

केस 2: तिल्दा के रिहायशी मकान में छापा
दूसरी कार्रवाई तिल्दा क्षेत्र के ग्राम भूमिया (वार्ड नंबर 10) में की गई । मुखबिर की सूचना पर अनिल पारधी के घर पर दबिश दी गई। घर की तलाशी के दौरान अवैध रूप से छिपाकर रखी गई 250 नग पाव देशी मदिरा मसाला (शोले) जब्त की गई। आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
सख्त कानूनी कार्रवाई
आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज किया है। यह पूरी कार्रवाई आबकारी आयुक्त आर. संगीता और कलेक्टर रायपुर गौरव सिंह के निर्देश पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी वैभव मित्तल और उप निरीक्षक मेधा मिश्रा द्वारा की गई। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अवैध शराब गतिविधि की सूचना तुरंत साझा करें।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



