
Surajpur: चलती बस बनी आग का गोला, खिड़कियों से कूदकर 40 यात्रियों ने बचाई जान
सूरजपुर | छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। मसनकी घाट के पास एक चलती यात्री बस में अचानक आग लग गई। बस के भीतर धुआं और लपटें उठते ही चीख-पुकार मच गई। मौत को सामने देख बस में सवार 40 से अधिक यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई। चालक की सतर्कता और यात्रियों की सूझबूझ से एक बड़ा नरसंहार टल गया। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है।
मसनकी घाट पर मची चीख-पुकार
जानकारी के अनुसार, यात्री बस सूरजपुर की ओर आ रही थी। जैसे ही बस मसनकी घाट के पास पहुँची, अचानक इंजन से तेज धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते लपटें उठने लगीं। चालक ने खतरे को भांपते हुए तुरंत बस रोकी और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए चिल्लाया।

खिड़कियों से कूदे यात्री
बस रुकते ही यात्रियों में भगदड़ मच गई। दरवाजे पर भीड़ होने के कारण कई यात्री बस की खिड़कियों से बाहर कूदे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंजर काफी डरावना था, लेकिन राहत की बात यह रही कि आग विकराल रूप धारण करती, उससे पहले ही सभी सुरक्षित बाहर निकल आए। हालांकि, हड़बड़ी में कुछ यात्रियों का सामान बस के भीतर ही छूट गया ।
प्रशासन और पुलिस अलर्ट
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची। सड़क के बीचों-बीच बस में आग लगने के कारण कुछ देर के लिए मसनकी घाट मार्ग पर ट्रैफिक बाधित रहा। पुलिस ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था की। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बस पूरी तरह खाक होने से बच गई।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



